नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।जिले के जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया चौकी अंतर्गत ग्राम बांगरेड़ खेड़ा में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। खुले विद्युत तारों की चपेट में आने से 59 वर्षीय अमर सिंह पिता गोराजी चंदेल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अमर सिंह एक गाय के बछड़े को बचाने के प्रयास में करंट की चपेट में आ गए।परिजनों के अनुसार,उनके घर से करीब 30 फीट दूर स्थित विद्युत डीपी के सपोर्ट पर लगे तार लंबे समय से खुले पड़े हुए थे। शनिवार को एक गाय का बछड़ा इन खुले तारों के पास फंस गया। उसे बचाने के लिए अमर सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और गिरते समय उनका पैर खुले विद्युत तारों के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वे गंभीर रूप से झुलस गए।घटना के बाद परिजन तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।हादसे के बाद परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संबंधित डीपी और खुले विद्युत तारों की समस्या को लेकर पहले भी विभागीय अधिकारियों एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि शिकायत पर गंभीरता से ध्यान दिया जाता, तो यह हादसा टाला जा सकता था।ग्रामीणों और परिजनों ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने तथा गांव में खुले पड़े विद्युत तारों और क्षतिग्रस्त डीपी की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।इधर, जावद थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।