Ads Slider

तिलस्वां घाट में दर्दनाक हादसा: यात्रियों से भरी बस खाई में पलटी,25 से अधिक घायल,दो की हालत गंभीर,चालक कंडक्टर मोके से फरार

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र स्थित तिलस्वां घाट पर रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भीलवाड़ा से सिंगोली की ओर आ रही यात्रियों से भरी शिवशक्ति बस अनियंत्रित होकर घाट में पलट गई। हादसे में करीब 25 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवशक्ति बस क्रमांक आरजे 20 पीबी 1553 रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे भीलवाड़ा से सिंगोली की ओर आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस तेज गति से चल रही थी।बताया जा रहा है कि सिंगोली से महज 10 से 11 किलोमीटर दूर तिलस्वां घाट पर अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस पलटी खाते हुए नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार गूंज उठी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डायल 112, एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को तत्काल सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अधिकांश घायलों के हाथ,पैर और सिर में चोटें आई हैं। एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है।हॉस्पिटल में घायलों के पहुंचते ही उनके परिजनों की भीड़ उमड़ पड़ी। अपनों को घायल अवस्था में देखकर अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Share This Article