Ads Slider

जर्जर भवनों पर चला नगर पालिका का बुलडोजर, कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में बारिश के दौरान जर्जर भवनों से संभावित हादसों और जनहानि की आशंका को देखते हुए नगर पालिका द्वारा पुराने खंडर भवनों को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार को पुराने कैंट थाने के सामने स्थित बेंड वाली गली में वर्षों पुराने खंडहरनुमा भवन को नगर पालिका की टीम ने धराशायी किया। यह कार्रवाई हाल ही में सिंगोली में हुए हादसे के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर की जा रही है।नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में मौजूद ऐसे जर्जर भवनों को हटाना है,जिनके कभी भी गिरने से जनहानि हो सकती है। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका के अधिकारी टेकचंद बुनकर, हेमंत सिसोदिया सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर ने बताया कि शहर में चिन्हित जर्जर भवनों के मालिकों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उन्होंने बताया कि संबंधित भवन मालिकों को तीन से चार बार नोटिस देकर स्वयं भवन हटाने के निर्देश दिए गए थे,लेकिन निर्धारित समयावधि में कार्रवाई नहीं किए जाने पर नगर पालिका को मजबूरन ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करना पड़ी।उन्होंने बताया कि पुराने कैंट थाना क्षेत्र स्थित लगभग 100 वर्ष पुराने आर्य समाज मंदिर ट्रस्ट की भूमि पर बने जर्जर भवन तथा ठक्कर बापा गंज क्षेत्र में इकबाल हुसैन पिता खादिम हुसैन के मकानों को भी तोड़ा गया है। नगर पालिका द्वारा कुल 12 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से तीन भवनों पर फिलहाल कार्रवाई की गई है।नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार आगामी दिनों में अन्य चिन्हित जर्जर भवनों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।प्रशासन का मानना है कि बारिश के मौसम में ऐसे भवनों के गिरने की आशंका बढ़ जाती है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की जान को खतरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर में सुरक्षा के मद्देनजर यह अभियान चलाया जा रहा है।

Share This Article